Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, 800 श्रद्धालुओं को लेकर भारत गौरव ट्रेन रवाना, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिखाई हरी झंडी...

उदयपुर की अनिता ने भी महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर दर्शन के लिए शासन को धन्यवाद दिया।

CG News : मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, 800 श्रद्धालुओं को लेकर भारत गौरव ट्रेन रवाना, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिखाई हरी झंडी...
X

CG News : अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ सरकार की "मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना" के तहत गुरुवार को सरगुजा संभाग के लगभग 800 श्रद्धालु उज्जैन, ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर की तीर्थ यात्रा पर रवाना हुए। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर और फीता काटकर इस पवित्र यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने दर्शनार्थियों को शुभकामनाएं दीं और ट्रेन में उनके साथ मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।

CG News : सरगुजा संभाग से 800 तीर्थयात्री रवाना-
इस योजना के तहत अंबिकापुर जिले से 206 सहित सरगुजा, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के श्रद्धालु शामिल हुए। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने अंबिकापुर से ट्रेन को रवाना करने के बाद सूरजपुर और बैकुंठपुर रेलवे स्टेशनों पर भी दर्शनार्थियों को विदाई दी। इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, अपर कलेक्टर सुनील नायक सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

CG News : योजना का उद्देश्य और महत्व-
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा, "मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना हमारे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल है, जिसे पुनः शुरू किया गया है। यह योजना वृद्धजनों, दिव्यांगों और विधवा-परित्यक्ता महिलाओं को तीर्थ दर्शन का अवसर प्रदान करती है। हर किसी की इच्छा होती है कि वे तीर्थ यात्रा करें, लेकिन कई बार परिस्थितियां आड़े आती हैं। इस योजना से ऐसे लोगों का सपना पूरा हो रहा है।" उन्होंने दर्शनार्थियों से मुलाकात कर उनकी खुशी को साझा किया।

CG News : श्रद्धालुओं में उत्साह, सरकार को धन्यवाद-
तीर्थ यात्रा पर रवाना होने वाले दर्शनार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया। उदयपुर के आलम साय यादव ने कहा, "हम जैसे लोगों के लिए तीर्थ यात्रा संभव नहीं थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हमें यह सौभाग्य दिया, इसके लिए मैं उन्हें दिल से धन्यवाद देता हूं।" वहीं, 75 वर्षीय राजकुमार अग्रवाल ने इसे श्रवण कुमार की भक्ति से जोड़ते हुए कहा, "हमारे मुख्यमंत्री हमें तीर्थ दर्शन का अवसर देकर पुण्य कार्य कर रहे हैं।" उदयपुर की अनिता ने भी महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर दर्शन के लिए शासन को धन्यवाद दिया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire