CG News : मुख्यमंत्री साय ने कहा- जहां कभी गोलियों की गूंज थी, अब वहां विकास का शंखनाद सुनाई दे रहा है...
- Rohit banchhor
- 13 Jan, 2025
हम माओवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और हमारे शहीद जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाने देंगे।”
CG News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल और बचेली में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि, “माओवादी हमेशा खून खराबे और आतंक के पक्षधर रहे हैं, जबकि हम विकास और सद्भाव के लिए काम कर रहे हैं। अब बस्तर की तस्वीर तेजी से बदल रही है। जहां पहले गोलियों की गूंज थी, वहीं अब विकास का शंखनाद सुनाई देता है।” उन्होंने आगे कहा कि, “जहां पहले बेरोजगारी और लाचारी का माहौल था, वहां अब ग्रामीण युवाओं को उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं। हम माओवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और हमारे शहीद जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाने देंगे।”
CG News : मुख्यमंत्री ने किया 160 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण-
मुख्यमंत्री ने बताया कि डबल इंजन की सरकार में विकास की गति तेजी से बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित बनाने के लिए हम विजन 2047 के तहत छत्तीसगढ़ को एक समृद्ध राज्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं। आज उन्होंने दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल और बड़े बचेली में कुल 160 करोड़ रुपये की लागत से 501 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें से 49 करोड़ रुपये के 367 कार्यों का लोकार्पण और 112 करोड़ रुपये के 134 कार्यों का भूमिपूजन हुआ। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 114 करोड़ रुपये के हितग्राही मूलक कार्यों के चेक और सामग्री का वितरण भी किया। उन्होंने कहा कि आज जिन प्रमुख विकास कार्यों का लोकार्पण हुआ, उनमें गीदम ब्लॉक के छिन्दनार से बड़ेकरका मार्ग पर 33 करोड़ रुपये की लागत से पुल, गीदम, कुआकोंडा और कटेकल्याण मार्ग का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण शामिल हैं। साथ ही, मोर मकान-मोर आवास योजना के तहत 7 करोड़ रुपये की लागत से 321 पक्के मकानों की चाबी भी वितरित की गई।
CG News : महिला सशक्तिकरण और किसानों की बेहतरी पर ध्यान-
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर भी जोर देते हुए कहा कि इस क्षेत्र की माताओं और बहनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि उनकी सरकार ने महिला खातों में हर महीने 1000 रुपये की राशि भेजी है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये प्रति मानक बोरा मिल रहे हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
इसके साथ ही, उन्होंने जिले के 765 किसानों को पावर स्प्रेयर और पॉवर ट्रिलर देने की योजना के बारे में भी जानकारी दी, जिससे कृषि क्षेत्र में नवाचार और विकास होगा।
CG News : आवास और विकास योजनाओं का विस्तार-
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए हैं, और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुनः 3.88 लाख आवासों की स्वीकृति दी है। इसके अतिरिक्त, आवास प्लस योजना के तहत ऐसे लोग जो पहले योजना से बाहर थे, उन्हें इस वर्ष सूची में शामिल किया जाएगा।
CG News : खनिज संसाधन और जैविक कृषि में दंतेवाड़ा का योगदान-
मुख्यमंत्री ने दंतेवाड़ा को खनिज संसाधन और जैविक कृषि के क्षेत्र में अग्रणी जिला बताते हुए कहा कि राज्य सरकार जिले के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जिले में वन्य प्राणियों के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जू पार्क (चिड़ियाघर) का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा जैविक कृषि को बढ़ावा देने के लिए सभी लेम्पस और राशन दुकानों में जैविक खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
CG News : आगे की दिशा-
मुख्यमंत्री ने छेरछेरा और मकर संक्रांति के मौके पर सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी और कहा कि बस्तर की प्रगति के रास्ते में कोई रुकावट नहीं आने पाएगी। इस मौके पर वनमंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, विधायक चौतराम अटामी, और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी क्षेत्र के विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।

