Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : बलरामपुर बस हादसे पर मुख्यमंत्री साय ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 5 लाख, घायलों को 50 हजार की सहायता

सहायता राशि प्रशासन द्वारा दी जा रही तात्कालिक राहत और बीमा से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त होगी।

CG News : बलरामपुर बस हादसे पर मुख्यमंत्री साय ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 5 लाख, घायलों को 50 हजार की सहायता
X

CG News : रायपुर। बलरामपुर जिले से जुड़े दर्दनाक बस हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में छत्तीसगढ़ शासन पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।

मुख्यमंत्री साय ने घोषणा की है कि इस दुर्घटना में मृत 10 व्यक्तियों के परिजनों को ₹5 लाख तथा घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह सहायता राशि प्रशासन द्वारा दी जा रही तात्कालिक राहत और बीमा से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त होगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि शनिवार देर रात छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा से सटे लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र स्थित ओरसा घाटी में बारातियों को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इस भीषण हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और शव सड़क पर बिखर गए।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह बस का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक और घायल सभी यात्री छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के निवासी थे। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire