Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : नौतपा के बीच बदला छत्तीसगढ़ का मौसम, कहीं राहत की बारिश, कहीं आकाशीय बिजली बनी मौत

मौसम के इस बदले मिजाज ने राहत और चिंता दोनों बढ़ा दी है।

CG News : नौतपा के बीच बदला छत्तीसगढ़ का मौसम, कहीं राहत की बारिश, कहीं आकाशीय बिजली बनी मौत
X

CG News : जगदलपुर। प्रदेश में नौतपा की भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से राहत दी, वहीं गरियाबंद जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मौसम के इस बदले मिजाज ने राहत और चिंता दोनों बढ़ा दी है।

आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत-

गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र के माहुलकोट गांव में 34 वर्षीय चितानंद भोई की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक पेड़ के नीचे बैठा हुआ था, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बस्तर में बारिश से गर्मी से राहत-

जगदलपुर समेत पूरे बस्तर संभाग में पिछले कई दिनों से तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान थे, लेकिन गुरुवार शाम अचानक आसमान में बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली। सड़कों और बाजारों में मौसम सुहावना होने के बाद रौनक लौट आई।

मनेंद्रगढ़ में भी बदला मौसम-

मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में भी दोपहर तक तेज धूप और लू का असर बना रहा, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में कमी आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग ने दी सलाह-

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी है, ताकि आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं से बचा जा सके।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire