Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के लोगो डिजाइन प्रतियोगिता को मिली 3000 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त, विजेता को मिलेगा 2.50 लाख रुपए का पुरस्कार

CG News: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के लोगो डिजाइन प्रतियोगिता को मिली 3000 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त, विजेता को मिलेगा 2.50 लाख रुपए का पुरस्कार
X

CG News: रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा आयोजित लोगो डिजाइन प्रतियोगिता को प्रदेश सहित देशभर से उत्साहजनक प्रतिसाद मिला है। प्रतियोगिता की अंतिम तिथि 20 मई 2026 तक लगभग 2700 प्रतिभागियों ने ई-मेल के माध्यम से 3000 से अधिक लोगो डिजाइन भेजे हैं। मंडल के नए स्वरूप और विस्तारित कार्यक्षेत्र को ध्यान में रखते हुए यह प्रतियोगिता आयोजित की गई थी।

नाम परिवर्तन के साथ बढ़ा कार्यक्षेत्र

बता दें कि राज्य शासन द्वारा “छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल” का नाम परिवर्तित कर “छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल” किया गया है। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत विधेयक को पारित होने एवं राज्यपाल की स्वीकृति मिलने के बाद 24 अप्रैल 2026 को इसका राजपत्र में प्रकाशन किया गया।

अब सड़क, पुल और अधोसंरचना परियोजनाओं पर भी फोकस

मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने बताया कि नाम परिवर्तन के साथ मंडल के कार्यक्षेत्र का भी विस्तार किया गया है। अब मंडल केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सड़क, पुल और अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों का भी क्रियान्वयन करेगा। साथ ही राज्य के बाहर अधोसंरचना परियोजनाओं में कार्य करने के अवसर मिलने से मंडल की कार्यक्षमता और आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी।

समय-सीमा बैठक में दिए गए थे निर्देश

12 मई 2026 को आयोजित समय-सीमा बैठक में मंडल के आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने मंडल के नए स्वरूप एवं विस्तारित कार्यक्षेत्र को प्रतिबिंबित करने वाले नए लोगो डिजाइन हेतु प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद आमजन, कलाकारों, डिजाइनरों और संस्थाओं से नए नाम एवं अवधारणा के अनुरूप लोगो डिजाइन आमंत्रित किए गए।

कई फॉर्मेट में मांगी गई थीं प्रविष्टियां

प्रतिभागियों को अपने डिजाइन कॉन्सेप्ट सहित CDR, PDF, PNG और JPEG फॉर्मेट में प्रविष्टियां ई-मेल के माध्यम से भेजने का अवसर दिया गया था। प्रतियोगिता में प्राप्त डिजाइनों की स्क्रूटनी और चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। इसके लिए मंडल द्वारा पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति तकनीकी परीक्षण के बाद अंतिम चयन के लिए अनुशंसा करेगी।

चयनित डिजाइनर को मिलेगा 2.50 लाख का पुरस्कार

मंडल द्वारा चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो के रचनाकार को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मंडल का नया लोगो सार्वजनिक किया जाएगा तथा विजेता प्रतिभागी को सम्मानित किया जाएगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire