Breaking News
:

CG News : दिल्ली में ‘नया बस्तर’ का ब्लूप्रिंट, CM साय ने अमित शाह को बताया कैसे बदल रही तस्वीर

CG News

नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की और बस्तर में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी

CG News : रायपुर। कभी नक्सल प्रभाव और पिछड़ेपन की पहचान रहे बस्तर को अब विकास और जनसुविधाओं के नए मॉडल के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसी बदलाव की तस्वीर लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की और बस्तर में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।


बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ को लेकर हुई। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि जिन दुर्गम इलाकों में कभी एम्बुलेंस तक पहुंचना मुश्किल था, वहां अब स्वास्थ्य टीमें पैदल पहुंचकर लोगों की जांच कर रही हैं। एक महीने के भीतर 21 लाख से ज्यादा लोगों की हेल्थ स्क्रीनिंग कर डिजिटल स्वास्थ्य प्रोफाइल तैयार किए जा चुके हैं। गंभीर मरीजों को समय रहते बड़े अस्पतालों तक पहुंचाया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर के पुराने सुरक्षा शिविर अब केवल सुरक्षा केंद्र नहीं रह गए हैं, बल्कि उन्हें “जन सुविधा केंद्र” के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही जगह मिल रही हैं। इससे दूरस्थ गांवों के लोगों को पहली बार कई बुनियादी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।


सरकार ने बस्तर में 36 लाख लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। वहीं “बस्तर मुन्ने” अभियान के तहत 31 प्रमुख योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम तेजी से चल रहा है। जगदलपुर में नया सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू होने से अब लोगों को इलाज के लिए रायपुर या बिलासपुर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।


मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय गृहमंत्री को बस्तर के लिए तैयार विकास रोडमैप की भी जानकारी दी, जिसमें सड़क, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और निवेश को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर तेजी से बदलाव की ओर बढ़ रहा है।


वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बताया जा रहा है कि अमित शाह 18 और 19 मई को बस्तर दौरे पर भी आ सकते हैं।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us