Breaking News
:

CG News : बस्तर की इमली के स्वाद के मुरीद हुए अमित शाह, बोले- “यहां की इमली खट्टी नहीं, मीठी है”

CG News

शाह ने मुस्कुराते हुए कहा कि “बस्तर की इमली खट्टी नहीं, बल्कि मीठी है।”

CG News : रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को बस्तर जिले के नेतानार गांव पहुंचकर ग्रामीण विकास और महिला स्वावलंबन से जुड़े कई प्रकल्पों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीआरपीएफ कैंप में स्थापित “शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा” (जन सुविधा केंद्र) का उद्घाटन किया और बस्तर की प्रसिद्ध इमली का स्वाद चखते हुए उसकी जमकर तारीफ की। शाह ने मुस्कुराते हुए कहा कि “बस्तर की इमली खट्टी नहीं, बल्कि मीठी है।”


नेतानार गांव में पहुंचकर अमित शाह ने इमली प्रसंस्करण केंद्र का दौरा किया, जहां स्व सहायता समूह की महिलाएं इमली पल्प तैयार करने का प्रशिक्षण ले रही हैं। महिलाओं ने उन्हें बताया कि इस कार्य से उनकी आय में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। गुंडाधूर महिला स्व सहायता समूह की सदस्य लंबी नाग ने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद वे सालाना करीब एक लाख रुपये तक की आमदनी अर्जित कर सकेंगी। महिलाओं के कार्य और आत्मनिर्भरता को देखकर गृहमंत्री ने उनकी सराहना की।


इसके बाद अमित शाह ने सेवा सेतु केंद्र का निरीक्षण किया, जहां ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे आधार कार्ड, ई-केवाईसी, मोबाइल अपडेट, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और बैंकिंग जैसी ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नेतानार निवासी सुखदेवी ने बताया कि पहले आधार कार्ड बनवाने के लिए उन्हें 10 किलोमीटर दूर नानगुर जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही सभी सुविधाएं मिलने लगी हैं। वहीं सोनामनी नामक महिला ने बताया कि महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी भी अब आसानी से गांव में हो रही है।


गृहमंत्री ने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र और धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र का भी दौरा किया। यहां महिलाओं को सिलाई, बैंकिंग और धान प्रसंस्करण से जुड़े कौशल सिखाए जा रहे हैं। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से उन्हें रोजगार और आय का नया माध्यम मिल रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us