Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : 6 साल बाद जंगल में मिला प्रेमी जोड़े का सच, नाले में दफन थे नरकंकाल, DNA जांच से खुलेगा मौत का राज

दोनों के अवशेष जंगल के नाले में मिट्टी के नीचे दबे मिले, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

CG News : 6 साल बाद जंगल में मिला प्रेमी जोड़े का सच, नाले में दफन थे नरकंकाल, DNA जांच से खुलेगा मौत का राज
X

CG News : सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद रहस्यमयी और दर्दनाक मामला सामने आया है। धौरपुर थाना क्षेत्र के जोरी-बिलमा जंगल में छह साल से लापता प्रेमी युगल के नरकंकाल बरामद हुए हैं। दोनों के अवशेष जंगल के नाले में मिट्टी के नीचे दबे मिले, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

ग्रामीणों ने जोरी और बिलमा सीमा के पास बहने वाले नाले में मिट्टी के भीतर मानव अवशेष देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शनिवार को पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और गड्ढा खोदकर दोनों के कंकाल बाहर निकाले। बरामद कंकाल अलग-अलग हिस्सों में मिले। कपड़ों के आधार पर मृतकों की पहचान विनोद कोरवा (19) और ज्योति गोंड़ (17) के रूप में की गई।

अलग जाति होने से परिवार था खिलाफ-

परिजनों के मुताबिक दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन अलग-अलग जाति के होने के कारण परिवार और समाज इस रिश्ते के खिलाफ थे। बताया जा रहा है कि दोनों चोरी-छिपे जंगल में मिला करते थे। साल 2020 की गर्मियों में दोनों अचानक लापता हो गए थे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में युवक के पिता ने धौरपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

मौत के बाद शव दफनाने की आशंका-

पुलिस को शक है कि मौत के बाद दोनों के शवों को गड्ढा खोदकर दफना दिया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि इलाके में जंगली सूअरों के शिकार के लिए करंट वाले तार बिछाए जाते हैं। आशंका है कि दोनों उसकी चपेट में आ गए हों। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि कहीं घटना के बाद किसी ने सबूत छिपाने के लिए शवों को दफन तो नहीं किया।

DNA टेस्ट से खुलेगा राज-

धौरपुर थाना प्रभारी आरसी चंद्रा ने बताया कि कंकालों की पहचान पुख्ता करने और मौत की असली वजह जानने के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हादसे का है, आत्महत्या का या फिर हत्या का।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire