Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : जिन्न, प्रेत और भविष्यवाणी का जाल: तंत्र-मंत्र के नाम पर महिला से 85 लाख की ठगी, आरोपी पर केस दर्ज

अब पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CG News : जिन्न, प्रेत और भविष्यवाणी का जाल: तंत्र-मंत्र के नाम पर महिला से 85 लाख की ठगी, आरोपी पर केस दर्ज
X

CG News : दुर्ग। अंधविश्वास और डर का फायदा उठाकर करोड़ों की ठगी करने वाले मामलों के बीच भिलाई से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 62 वर्षीय महिला को तंत्र-मंत्र, प्रेत बाधा और भविष्यवाणी के नाम पर ऐसा जाल बिछाया गया कि वह करीब 85 लाख रुपये गंवा बैठी। अब पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता संगीता कश्यप के अनुसार, वर्ष 2023 में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात जबलपुर निवासी पवन बधौलिया से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को तांत्रिक गतिविधियों और विशेष पूजा-पाठ से जुड़ा बताकर महिला का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने ग्रह दोष, जिन्न, प्रेत बाधा और पारिवारिक संकटों का डर दिखाना शुरू कर दिया।

आरोप है कि आरोपी ने महिला को विश्वास दिलाया कि विशेष पूजा और अनुष्ठान से उनकी सभी समस्याएं दूर हो जाएंगी। इसी बहाने वह लगातार रकम मांगता रहा। महिला का दावा है कि आरोपी ने उसके पति के साथ बड़े हादसे की भविष्यवाणी भी की थी। बाद में जब पति का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया तो महिला का भरोसा और बढ़ गया, जिसका आरोपी ने भरपूर फायदा उठाया।

इतना ही नहीं, आरोपी ने निवेश और ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का लालच भी दिया। इसके चलते महिला और उसके बेटे के खातों से अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम आरोपी को भेजी गई। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपी ने कथित तौर पर हाथ की नस काटने की तस्वीर भेजकर भावनात्मक दबाव बनाया और खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच में गिरफ्तार बताकर भी लाखों रुपये ऐंठ लिए।

मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला को लगातार हो रही आर्थिक हानि और आरोपी की बातों पर संदेह होने लगा। इसके बाद उन्होंने पुलिस का सहारा लिया। शिकायत के साथ बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल चैट और अन्य दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire