Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : भिलाई में अफ्रीकन स्वाइन फीवर से 300 सूअरों की मौत, 150 को मारकर दफनाया, फार्म सील

संक्रमण रोकने के लिए करीब 150 अन्य सूअरों को भी मारना पड़ा।

CG News : भिलाई में अफ्रीकन स्वाइन फीवर से 300 सूअरों की मौत, 150 को मारकर दफनाया, फार्म सील
X

CG News : दुर्ग-भिलाई। क्षेत्र में अफ्रीकन स्वाइन फीवर (ASF) के प्रकोप ने हड़कंप मचा दिया है। नारधा-मुडपार गांव स्थित एक बड़े सूअर फार्म में इस खतरनाक वायरस की पुष्टि होने के बाद 300 से अधिक सूअरों की मौत हो गई, जबकि संक्रमण रोकने के लिए करीब 150 अन्य सूअरों को भी मारना पड़ा।

पशुपालन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पीपीई किट में सुरक्षा के साथ कार्रवाई की। संक्रमित और संदिग्ध सूअरों को इंजेक्शन देकर मारने के बाद सभी को गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। इसके साथ ही पूरे फार्म को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

फार्म संचालक के अनुसार, इस घटना से उन्हें करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि 29 मार्च को सैंपल लिया गया था और 1 अप्रैल से सूअरों की मौत शुरू हो गई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने तक बड़ी संख्या में सूअरों की जान जा चुकी थी।

पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अफ्रीकन स्वाइन फीवर एक बेहद घातक वायरल बीमारी है, जिसकी मृत्यु दर लगभग 100% होती है। हालांकि यह इंसानों में नहीं फैलती, लेकिन सूअर पालन उद्योग के लिए बेहद विनाशकारी साबित होती है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और सूअर मांस के सेवन को लेकर भी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह वायरस बाहरी राज्यों से लाए गए संक्रमित जानवरों या दूषित उत्पादों के जरिए फैल सकता है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे की रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire