Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : स्कूल पहुंचते ही बिगड़ रही तबीयत, 15 दिनों में 25 छात्राएं बेहोश, मास हिस्टीरिया की आशंका

लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्कूल में कई दिनों तक मेडिकल कैंप लगाया गया।

CG News : स्कूल पहुंचते ही बिगड़ रही तबीयत, 15 दिनों में 25 छात्राएं बेहोश, मास हिस्टीरिया की आशंका
X

CG News : खैरागढ़। जिले के छुईखदान विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला खैरबना में बीते करीब 15 दिनों से एक रहस्यमयी स्थिति बनी हुई है। स्कूल पहुंचते ही छात्राओं को चक्कर आना, घबराहट और बेहोशी जैसी शिकायतें हो रही हैं। अब तक 20 से 25 छात्राएं इस समस्या से प्रभावित हो चुकी हैं, जिससे अभिभावकों और प्रशासन में चिंता बढ़ गई है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिन छात्राओं ने कुछ दिनों के लिए स्कूल आना बंद कर दिया, उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक रही। लेकिन जैसे ही वे दोबारा स्कूल परिसर में पहुंचती हैं, फिर से वही लक्षण सामने आने लगते हैं। इस अजीब संयोग ने गांव में कई तरह की चर्चाओं और आशंकाओं को जन्म दे दिया है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्कूल में कई दिनों तक मेडिकल कैंप लगाया गया।

प्रभावित छात्राओं की ब्लड जांच, ब्लड प्रेशर और शुगर समेत अन्य चिकित्सीय परीक्षण कराए गए, लेकिन सभी रिपोर्ट्स सामान्य पाई गईं। किसी भी तरह की शारीरिक बीमारी सामने न आने से मामला और उलझता नजर आया। स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने इसे मास हिस्टीरिया यानी सामूहिक मानसिक प्रभाव का संभावित मामला बताया है। जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के अनुसार, कई बार किसी डर, तनाव या एक घटना के बाद बच्चे एक-दूसरे को देखकर वही लक्षण महसूस करने लगते हैं।

स्कूल जैसे सीमित वातावरण में यह स्थिति तेजी से फैल सकती है। फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और छात्राओं की काउंसलिंग व निगरानी की जा रही है ताकि भय और तनाव को कम किया जा सके।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire