Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Naxalites Surrender : सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, 2 इनामी समेत 7 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण...

यह आत्मसमर्पण लोन वर्राटू (घर वापसी) अभियान और राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत हुआ है।

CG Naxalites Surrender : सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, 2 इनामी समेत 7 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण...
X

CG Naxalites Surrender : दंतेवाड़ा। जिले में सुरक्षाबलों को नक्सलवाद के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को 2 इनामी नक्सलियों सहित कुल 7 नक्सलियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें से दो नक्सलियों, जुगलू उर्फ सुंडुम कोवासी और दशा उर्फ बुरकू पोड़ियाम, पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह आत्मसमर्पण लोन वर्राटू (घर वापसी) अभियान और राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत हुआ है।

आत्मसमर्पण करने वालों में जुगलू उर्फ सुंडुम कोवासी (50 हजार का इनामी), दशा उर्फ बुरकू पोड़ियाम (50 हजार का इनामी), भोजा राम माड़वी, लखमा उर्फ सुती उर्फ लखन मरकाम, रातू उर्फ ओठे कोवासी, सुखराम पोड़ियाम और पण्डरू राम पोड़ियाम शामिल हैं। ये नक्सली बोदली, उतला, पोमरा, बेचापाल, डुंगा और पल्लेवाया आरपीसी (रिवॉल्यूशनरी पार्टी कमेटी) में सक्रिय थे। ये सभी नक्सली बंद सप्ताह के दौरान सड़क खोदने, पेड़ काटने, नक्सली बैनर-पोस्टर और पाम्पलेट लगाने जैसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं।

छत्तीसगढ़ सरकार की नई पुनर्वास नीति के तहत सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को 50,000 रुपये की प्रारंभिक वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, उन्हें स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण, कृषि भूमि, और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। एसपी गौरव राय ने कहा कि यह आत्मसमर्पण नक्सलवाद के खिलाफ एक बड़ी जीत है। उन्होंने बताया कि लोन वर्राटू अभियान और सरकार की नियद नेल्लानार योजना ने नक्सल प्रभावित गांवों में विकास कार्यों को गति दी है, जिससे नक्सलियों का मनोबल टूट रहा है। आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज में नई शुरुआत के लिए हर संभव सहायता दी जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire