Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : दो मासूम बच्चे हुए अनाथ, घर में मिली खून से लथपथ महिला की लाश, पुलिस जांच में जुटी...

पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

CG Crime : दो मासूम बच्चे हुए अनाथ, घर में मिली खून से लथपथ महिला की लाश, पुलिस जांच में जुटी...
X

CG Crime : खैरागढ़। जिले के ग्राम खैरबना में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। एक 30 वर्षीय विधवा महिला मोहिनी साहू की निर्ममता से हत्या कर दी गई, जिससे उसके दो मासूम बच्चे पूरी तरह अनाथ हो गए। गुरुवार शाम करीब 5 बजे की इस वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के अनुसार, मोहिनी साहू अपने दो बच्चों के साथ खैरबना में अकेली रहती थी। उनके पति कीर्तन साहू की मृत्यु दो वर्ष पहले हो चुकी थी। घटना के दिन मोहिनी घर पर अकेली थी, जबकि उनके बच्चे स्कूल गए हुए थे। स्कूल से लौटने के बाद बच्चों ने दरवाजा खटखटाया और मां को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक इंतजार करने के बाद बच्चों ने पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का मंजर देखकर सभी के होश उड़ गए। मोहिनी की खून से लथपथ लाश फर्श पर पड़ी थी।

सूचना मिलते ही एएसपी नितेश गौतम और थाना प्रभारी अनिल शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि हत्या किसी भारी वस्तु से सिर और गर्दन पर वार करके की गई, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस क्रूर हत्याकांड से खैरबना गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

मोहिनी के दो मासूम बच्चों का अनाथ होना पूरे गांव के लिए दुखदायी है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग की है। थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने कहा, हम इस जघन्य अपराध को गंभीरता से ले रहे हैं। जल्द ही हत्यारे को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire