Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG Crime : सूने मकानों में चोरी करने वाले दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, 32 लाख का माल बरामद

सूने मकानों को निशाना बनाकर लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।

CG Crime : सूने मकानों में चोरी करने वाले दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, 32 लाख का माल बरामद
X

CG Crime : दुर्ग। जिले में सूने मकानों को निशाना बनाकर लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में हुई 8 चोरी की घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने करीब 32 लाख रुपये का चोरी का माल, दो चारपहिया वाहन, एक स्कूटी और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, लगातार मिल रही चोरी की शिकायतों के बाद विशेष अभियान चलाया गया। रात्रिकालीन पेट्रोलिंग, सघन नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज की जांच, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

नाकेबंदी में पकड़ी गई संदिग्ध कार-

10 जुलाई की रात पुलिस टीम ने नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध सफेद इंडिगो कार को रोकने का प्रयास किया। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में कार से दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर, सब्बल, पेचकस, स्क्रूड्राइवर सहित चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए।

पूर्व मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव निकला मास्टरमाइंड-

पूछताछ में मुख्य आरोपी अनुराग मिश्रा 41 वर्ष निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जामुल ने खुलासा किया कि वह पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव था। नौकरी के दौरान उसे विभिन्न कॉलोनियों और इलाकों की अच्छी जानकारी हो गई थी। इसी का फायदा उठाकर वह पहले सूने मकानों की रेकी करता और फिर रात के समय सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपी ने बताया कि आर्थिक तंगी और ऑनलाइन लोन के बढ़ते दबाव के कारण उसने चोरी का रास्ता अपनाया। चोरी के सोने के आभूषणों को वह विभिन्न फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखकर नकदी हासिल करता था।

फाइनेंस कंपनियों से बरामद हुए गहने-

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों से गिरवी रखे गए आभूषण भी बरामद किए हैं। बरामद सामान में करीब 168 ग्राम सोने के आभूषण (लगभग 25 लाख रुपये मूल्य), 150 ग्राम चांदी के आभूषण, दो एलईडी टीवी, डीवीआर, चोरी के औजार, एक इंडिगो कार, फोर्ड इकोस्पोर्ट और एक्सेस स्कूटी शामिल हैं। कुल बरामदगी की कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है।

दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार-

मामले में पुलिस ने तुषार मिश्रा 40 वर्ष, निवासी कैलाश नगर, भिलाई को भी गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि चोरी से मिली रकम का कुछ हिस्सा उसके बैंक खाते में ट्रांसफर किया गया था। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में दर्ज 8 चोरी और चोरी के प्रयास के मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire