Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : अवैध संबंध के शक ने ली जान, समझाने के बहाने युवक को बुलाया घर, पिता-पुत्र ने गला घोंटकर की हत्या

आरोपी ने पहले युवक को समझाने के लिए घर बुलाया, लेकिन विवाद इतना बढ़ा कि मामला हत्या तक पहुंच गया।

CG Crime : अवैध संबंध के शक ने ली जान, समझाने के बहाने युवक को बुलाया घर, पिता-पुत्र ने गला घोंटकर की हत्या
X

CG Crime : बिलासपुर। जिले में रिश्तों के शक और गुस्से ने एक युवक की जान ले ली। पत्नी के साथ कथित प्रेम संबंध होने के संदेह में एक व्यक्ति ने अपने बेटे के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले युवक को समझाने के लिए घर बुलाया, लेकिन विवाद इतना बढ़ा कि मामला हत्या तक पहुंच गया।

मामला सकरी थाना क्षेत्र के सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है। पुलिस के अनुसार, मुंगेली निवासी शिव कामले, जो कबीरधाम जिले के एक स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं, अपने परिवार के साथ यहां रह रहे थे। उन्हें अपनी पत्नी और लोरमी क्षेत्र निवासी दावेंद्र कुमार बघेल के बीच संबंध होने का शक था।

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही इस बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ था और पति ने पत्नी को दावेंद्र से संपर्क नहीं रखने की चेतावनी भी दी थी। इसके बावजूद 30 मई को दावेंद्र महिला को नया सिम कार्ड देने घर पहुंच गया। इसी दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया और बातचीत के लिए घर बुलाया।

घर में हुई चर्चा कुछ ही देर में बहस में बदल गई। पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर शिव कामले और उसके बेटे ने मिलकर दावेंद्र पर हमला कर दिया और प्लास्टिक की सुतली तथा मोबाइल के केबल तार से उसका गला घोंट दिया।

घटना के दौरान स्थिति बिगड़ती देख महिला घबरा गई और सीधे सकरी थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता और पुत्र को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire