Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : पुलिस पर गाड़ी चढ़ाकर भाग रहे तस्कर फिल्मी अंदाज में दबोचे गए, 75 लाख के गांजा के साथ 5 गिरफ्तार

मामले में एक नाबालिग समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

CG Crime : पुलिस पर गाड़ी चढ़ाकर भाग रहे तस्कर फिल्मी अंदाज में दबोचे गए, 75 लाख के गांजा के साथ 5 गिरफ्तार
X

CG Crime : गरियाबंद। जिले में देवभोग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 75 लाख रुपये कीमत का डेढ़ क्विंटल गांजा जब्त किया है। इस दौरान पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर दो स्विफ्ट कारों में सवार तस्करों को पकड़ने में सफलता हासिल की। मामले में एक नाबालिग समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए अपनी गाड़ियों की मध्यप्रदेश नंबर प्लेट हटाकर छत्तीसगढ़ की नंबर प्लेट लगा दी थी। हालांकि पुलिस को पहले ही तस्करी की पुख्ता सूचना मिल चुकी थी, जिसके बाद देवभोग क्षेत्र में तत्काल नाकाबंदी कर दी गई।

थाना प्रभारी फैजुल हुदा शाह के अनुसार, नाकाबंदी देख तस्करों ने तेज रफ्तार में भागने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को कुचलने के इरादे से उन पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास भी किया। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर पीछा शुरू किया।

भागने की कोशिश में दोनों स्विफ्ट कारें अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। मौके का फायदा उठाते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कारों से करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई जा रही है।

पकड़े गए आरोपी मध्यप्रदेश के गांधी नगर और साजनाबाद क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि अन्य चार की उम्र 22 से 26 वर्ष के बीच है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एक बड़े नेटवर्क के लिए मोटी रकम के लालच में गांजा सप्लाई का काम कर रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और गांजा सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire