Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG Crime : पत्नी की मौत के बाद तंत्र-मंत्र में उलझा पुलिस अधिकारी, टोनही बताकर महिला से मारपीट, ASI समेत 8 गिरफ्तार, दो बैगा फरार

पुलिस फिलहाल फरार दोनों बैगाओं की तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है।

CG Crime : पत्नी की मौत के बाद तंत्र-मंत्र में उलझा पुलिस अधिकारी, टोनही बताकर महिला से मारपीट, ASI समेत 8 गिरफ्तार, दो बैगा फरार
X

CG Crime : जशपुर। अंधविश्वास ने फिर एक बार इंसानियत को शर्मसार कर दिया। जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर में तंत्र-मंत्र के नाम पर एक महिला की पिटाई और प्रताड़ना का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में रायपुर क्राइम ब्रांच में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) फूलचंद राम भगत समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो बैगा अभी फरार हैं।

घटना की शुरुआत तब हुई जब आरोपी ASI की पत्नी सुनीता भगत की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसके बाद फूलचंद राम भगत को कुछ लोगों ने यह विश्वास दिलाया कि तंत्र-मंत्र से उसकी पत्नी को फिर से जिंदा किया जा सकता है। इसके लिए उसने दो बैगाओं को बुलाया और श्मशान घाट में तांत्रिक क्रिया करवाई। इसी दौरान बैगाओं ने दावा किया कि मृतका की मौत गांव की एक महिला फौसी बाई द्वारा किए गए जादू-टोने से हुई है।

इसके बाद अंधविश्वास के शिकार ASI फूलचंद अपने रिश्तेदारों और गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर फौसी बाई के घर पहुंचा, जहां सभी ने मिलकर महिला को टोनही कहकर बेरहमी से पीटा। महिला को बाल पकड़कर घसीटा गया और श्मशान ले जाने की कोशिश की गई। शोर सुनकर उसके बेटे और बेटी ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह मां की जान बचाई।

घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गायत्री भगत, फूलचंद भगत, विष्णु भगत, अनीता भगत, रमेश भगत, ललिता भगत, अंजना मिंज और तेलेस्फोर मिंज को गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 333, 190, 191(2) और टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4, 5 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि किसी को टोनही कहना या जादू-टोना के नाम पर हिंसा करना संज्ञेय अपराध है। उन्होंने ग्रामीणों से अंधविश्वास से दूर रहने और कानून पर भरोसा करने की अपील की। पुलिस फिलहाल फरार दोनों बैगाओं की तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire