Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : 40 घंटे में सुलझी मासूम की हत्या की गुत्थी, पैसों का झांसा देकर ले गया, फिर गला घोंटकर खेत में दफनाया शव

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की।

CG Crime : 40 घंटे में सुलझी मासूम की हत्या की गुत्थी, पैसों का झांसा देकर ले गया, फिर गला घोंटकर खेत में दफनाया शव
X

CG Crime : सक्ती। जिले में 13 वर्षीय बालक की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 40 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते मासूम को पैसों का लालच देकर घर से बुलाया, उसकी हत्या की और सबूत मिटाने के लिए शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया।

पुलिस के अनुसार, परसदाखुर्द निवासी कपिल कुमार केंवट 13 वर्ष 8 जुलाई को गांव के ही हेमंत कुमार केंवट 22 वर्ष के साथ घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की।

पूछताछ के दौरान आरोपी पहले लगातार बयान बदलता रहा, लेकिन सख्ती और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि कुछ महीने पहले हुए एक विवाद को लेकर उसे संदेह था कि कपिल ने उसकी जानकारी अन्य लोगों तक पहुंचाई थी। इसी शक के चलते उसने बदला लेने की योजना बनाई।

आरोपी ने मासूम को चोरी का लोहा बेचकर पैसे कमाने का झांसा देकर सुनसान स्थान पर बुलाया, जहां कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए कपड़े अलग स्थान पर फेंक दिए और खेत में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी, चिकित्सकीय दल और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव का उत्खनन कराया। शव की पहचान कपिल कुमार केंवट के रूप में हुई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त औजार (रापा) और आरोपी के कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire