Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG Crime : प्यार, शादी का दबाव और फिर मौत, महिला वकील की हत्या कर प्रेमी ने रची थी झूठ की कहानी, ऐसा हुआ खुलासा

पुलिस ने महिला अधिवक्ता की हत्या के आरोप में उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

CG Crime : प्यार, शादी का दबाव और फिर मौत, महिला वकील की हत्या कर प्रेमी ने रची थी झूठ की कहानी, ऐसा हुआ खुलासा
X

CG Crime : रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा क्षेत्र में जंगल के भीतर नग्न अवस्था में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिस अंधे कत्ल ने पूरे इलाके को दहला दिया था, उसके पीछे प्रेम संबंध, शादी का दबाव और खौफनाक साजिश की कहानी सामने आई है। पुलिस ने महिला अधिवक्ता की हत्या के आरोप में उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

पूरे मामले का खुलासा शशि मोहन सिंह ने प्रेस वार्ता में किया। मृतका की पहचान आराधना सिदार (31) निवासी केकराझरिया, लैलूंगा के रूप में हुई, जो पेशे से वकील थीं। हत्या का आरोप सक्ती निवासी लोकनाथ पटेल पर लगा है, जो पहले से शादीशुदा बताया जा रहा है।

12 मई को पूंजीपथरा थाना पुलिस को कटेल टिकरा जंगल में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। शव नग्न अवस्था में पड़ा था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को चक्रधरनगर थाने में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट से अहम सुराग मिला। घटनास्थल से मिले कपड़े, सैंडल और अन्य सामान के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान आराधना सिदार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

सीसीटीवी में एक युवक महिला को बाइक पर ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के जरिए पुलिस आरोपी लोकनाथ पटेल तक पहुंची और उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसका आराधना के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। महिला लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी पहले से विवाहित था। इसी वजह से उसने हत्या की योजना बनाई।

9 मई को आरोपी ने आराधना से मिलने की बात तय की। अगले दिन वह उसे बाइक से पहले सक्ती और फिर दमाऊधारा मंदिर ले गया। शाम को दोनों एक लॉज में रुके, जहां आरोपी ने फर्जी नाम से कमरा लिया। अगले दिन वह महिला को सुनसान जंगल में ले गया और वहां पहले गला दबाकर बेहोश किया, फिर पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की। इतना ही नहीं, शक से बचने के लिए उसने मृतका के मोबाइल फोन से उसकी बहन और सहेलियों को महिला की आवाज निकालकर कॉल किए, ताकि किसी को उसकी मौत का शक न हो।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। आरोपी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire