Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : 1500 रुपये के विवाद में ली जान, हत्या कर शव कुएं में फेंका, 24 घंटे में 7 नाबालिग गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया था।

CG Crime : 1500 रुपये के विवाद में ली जान, हत्या कर शव कुएं में फेंका, 24 घंटे में 7 नाबालिग गिरफ्तार
X

CG Crime : दुर्ग। महज 1500 रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की दर्दनाक हत्या पर जाकर खत्म हुआ। मोहन नगर थाना क्षेत्र में मिले युवक के शव के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सात नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया था।

जानकारी के अनुसार, 18 जून की रात शक्ति नगर स्थित एक राइस मिल परिसर के कुएं में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान 26 वर्षीय यशवंत सारथी के रूप में की गई। प्रारंभिक जांच में शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिसके बाद हत्या की आशंका गहरा गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल और स्थानीय पूछताछ के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया। जांच के दौरान सात नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक, मृतक ने आरोपियों में से एक से 1500 रुपये उधार लिए थे। रकम वापस नहीं मिलने पर आरोपी और उसके साथी लगातार नाराज थे। इसी रंजिश के चलते 17 जून की रात युवक को फोन कर सुनसान स्थान पर बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद नाबालिगों ने उसे घेर लिया और पत्थर से सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद धारदार कटर से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को पास के कुएं में फेंक दिया और फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल पत्थर, कटर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। फिलहाल सभी नाबालिग आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire