Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : जामताड़ा गैंग का भंडाफोड़, साड़ी बेचने की आड़ में ट्रेन में उड़ाते थे गहने, 4 महिलाएं सहित 6 गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में 4 महिलाओं सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

CG Crime : जामताड़ा गैंग का भंडाफोड़, साड़ी बेचने की आड़ में ट्रेन में उड़ाते थे गहने, 4 महिलाएं सहित 6 गिरफ्तार
X

CG Crime : बिलासपुर। ट्रेनों में सफर करने वाली महिला यात्रियों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय शातिर गिरोह का बिलासपुर में बड़ा खुलासा हुआ है। RPF टास्क टीम और GRP ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए झारखंड के जामताड़ा जिले से जुड़े एक संगठित गैंग का पर्दाफाश किया है। गिरोह की खासियत यह थी कि सदस्य साड़ी बेचने का ढोंग कर ट्रेन में चढ़ते थे और भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गहने और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। पुलिस ने इस मामले में 4 महिलाओं सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पूरा मामला तब सामने आया जब सीपत निवासी सोनाली पटेल टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रही थीं। जयरामनगर स्टेशन के पास उनके बैग से एक ज्वेलरी बॉक्स चोरी हो गया, जिसमें करीब 1.74 लाख रुपये के सोने के जेवर रखे थे। शिकायत मिलते ही GRP और RPF की टीम हरकत में आई और कई रेलवे स्टेशनों के CCTV फुटेज खंगालने शुरू किए।

जांच के दौरान कुछ संदिग्धों की पहचान हुई, जिसके बाद पुलिस ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 पर घेराबंदी कर गिरोह के सदस्यों को दबोच लिया। महिला आरक्षकों द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने के गहने और नकदी बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का रानीहार, मंगलसूत्र, चेन, बाली, अंगूठी और 21,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह भीड़भाड़ वाले डिब्बों में साड़ियां लेकर प्रवेश करता था, ताकि यात्रियों को उन पर शक न हो। इसी दौरान महिला सदस्य यात्रियों के बैग की चेन काटकर या हाथ की सफाई से जेवर और कीमती सामान पार कर देती थीं।

गिरफ्तार आरोपियों में तुषार पासवान, विरासत पासवान, मोनिका बेद, मनी देवी, मामूनी केवरा और सुजाता केवरा शामिल हैं। सभी आरोपी झारखंड के कुख्यात जामताड़ा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने देश के अन्य रूटों पर कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire