Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : सूने मकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, मेरठ से दो गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में चोरी का सोना खरीदने वाला ज्वेलर्स संचालक भी शामिल है।

CG Crime : सूने मकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, मेरठ से दो गिरफ्तार
X

CG Crime : दुर्ग। जिले के भिलाई में लगातार हो रही सूने मकानों की चोरियों का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 400 ग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी का सोना खरीदने वाला ज्वेलर्स संचालक भी शामिल है।

मामले का खुलासा करते हुए दुर्ग रेंज के डीआईजी विजय अग्रवाल ने बताया कि दुर्ग-भिलाई में दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की वारदातें हो रही थीं। सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर सहित दुर्ग के कई इलाकों में हुई चोरियों को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया और तकनीकी विश्लेषण के साथ सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर सुपेला थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम को मेरठ और दिल्ली रवाना किया गया। वहां से पुलिस ने हासिम खान 24 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दुर्ग-भिलाई में रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी का माल मेरठ के सलीम ज्वेलर्स को बेचा जाता था।

इसके बाद पुलिस ने ज्वेलर्स संचालक सलीम खान 28 वर्ष को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लगभग 400 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बिलासपुर, नवा रायपुर और जबलपुर में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।

पुलिस के मुताबिक गिरोह चोरी के लिए पहले एक्टिवा वाहन से इलाके की रेकी करता था और दिन में सूने मकानों का ताला तोड़कर जेवरात व कीमती सामान पार कर देता था। फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस टीम अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire