CG Crime : ATM उखाड़कर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मेटाडोर वाहन और उपकरण भी जब्त किए हैं।

CG Crime : दुर्ग। एटीएम मशीन उखाड़कर चोरी करने की सनसनीखेज वारदात का दुर्ग पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मेटाडोर वाहन और उपकरण भी जब्त किए हैं।
मामला नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम ननकट्ठी बस स्टैंड के पास का है, जहां 13 नवंबर 2025 की रात अज्ञात बदमाशों ने एटीएम मशीन को उखाड़कर चोरी करने की कोशिश की थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। जांच में सामने आया कि आरोपी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जो अलग-अलग राज्यों में सुनसान और हाईवे किनारे स्थित एटीएम को निशाना बनाते थे।
वारदात से पहले रेकी कर योजना बनाई जाती थी और फिर चोरी किए गए वाहन से एटीएम को रस्सियों के जरिए खींचकर उखाड़ने की कोशिश की जाती थी। पुलिस ने मध्यप्रदेश के कटनी जिले के माधवनगर थाना में दर्ज एक अन्य मामले में पकड़े गए आरोपी आरीफ उर्फ बाठू और अहसान उर्फ एहसास को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल कर लिया है।
आरोपियों ने खुलासा किया कि वे वारदात के दौरान मोबाइल बंद रखते थे, इंटरनेट कॉलिंग का उपयोग करते थे और सीसीटीवी कैमरों को निष्क्रिय करने के लिए पेंट या ग्रीस का इस्तेमाल करते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्य इन्तजार खान, मुकीम और ईनाम अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।


