Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG Crime : दिन में इडली–डोसा, रात में चोरी, पुलिस ने 6 शातिरों को दबोचा, 7 लाख से ज्यादा का माल बरामद

6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 7 लाख 15 हजार रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की है।

CG Crime : दिन में इडली–डोसा, रात में चोरी, पुलिस ने 6 शातिरों को दबोचा, 7 लाख से ज्यादा का माल बरामद
X

CG Crime : दुर्ग। जिले में पुलिस ने एक ऐसे चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो अपनी सादगी भरी पहचान के पीछे अपराध का बड़ा खेल खेल रहा था। दिन के उजाले में इडली–डोसा बेचकर गुजारा करने वाले ये युवक रात होते ही सूने मकानों को निशाना बनाते थे। दुर्ग पुलिस ने इस गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 7 लाख 15 हजार रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की है।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने 8 फरवरी को एक विशेष टीम गठित की थी। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने रायपुर के मठ पुरैना इलाके से तीन मुख्य आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में मनीष अमोरिया (25), जितेन्द्र गायकवाड़ (23) और रवि साहू (23) शामिल हैं, जो राजनांदगांव जिले के ग्राम लखौली के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिन में मठ पुरैना क्षेत्र में इडली–डोसा बेचते थे और रात के समय दुर्ग जिले के अलग-अलग इलाकों में सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक, नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच इन्होंने पाटन, उतई, अमलेश्वर, नंदनी, रानीतराई सहित कई थाना क्षेत्रों में आठ चोरी की घटनाएं कीं।

चोरी के दौरान आरोपियों ने सोने-चांदी के जेवरात, अंगूठियां, लॉकेट, टॉप्स, पायल, बिछिया और नकद राशि पर हाथ साफ किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी मनीष अमोरिया पर पहले से करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े तीन अन्य आरोपियों धर्मेन्द्र साहू, उमेश उर्फ पिंटू सोनी और प्रकाश सोनी को भी गिरफ्तार किया है, जो चोरी के जेवरात खरीदने और उन्हें खपाने का काम कर रहे थे। इनके कब्जे से भी चोरी का सामान और नकद बरामद किया गया है।

दुर्ग पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से जिले में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी। साथ ही पुलिस अब अन्य संभावित आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले कारोबारियों की तलाश में भी जुटी हुई है। पुलिस ने आम नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम लगातार उठाए जाते रहेंगे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire