Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : खाना बनाने के विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या की, आरोपी हिरासत में

पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CG Crime : खाना बनाने के विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या की, आरोपी हिरासत में
X

CG Crime : गौरेला। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के खोडरी चौकी क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना शनिवार दोपहर करीब 4 बजे फोकटपारा इलाके में हुई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, फोकटपारा निवासी चेतन पनिका और उसकी पत्नी सुषमा पनिका के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि चेतन ने कुल्हाड़ी से सुषमा पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खोडरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चेतन को हिरासत में ले लिया। मृतका के शव को पंचनामा के बाद जिला चिकित्सालय भेजा गया।

मृतिका के 19 वर्षीय बेटे ने बताया कि वह पड़ोस के घर में था, तभी उसकी मां के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। जब वह घर पहुंचा तो उसने देखा कि उसके पिता के हाथ में कुल्हाड़ी थी और मां खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। उसने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मुताबिक, चेतन और सुषमा के बीच आए दिन छोटी-मोटी बातों पर विवाद होता रहता था।

इस बार खाना बनाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना गंभीर हो गया कि चेतन ने गुस्से में आकर यह जघन्य अपराध कर दिया। हैरानी की बात यह है कि जब पुलिस शव को ऑटो में जिला चिकित्सालय लेकर पहुंची, तो अस्पताल प्रबंधन ने शव रखने से इनकार कर दिया। करीब एक घंटे की जद्दोजहद के बाद शव को रखने की अनुमति मिली। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire