Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : किसान से ढाई लाख की लूट से खुलीं 7 वारदातें, अंतरराज्यीय लूट गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

मामले में अपराध क्रमांक 61/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

CG Crime : किसान से ढाई लाख की लूट से खुलीं 7 वारदातें, अंतरराज्यीय लूट गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार
X

CG Crime : जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में किसान से ढाई लाख रुपये की लूट की जांच करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सात वारदातों को अंजाम दिया और कुल 9 लाख 83 हजार रुपये की लूट व उठाईगिरी की घटनाएं कीं।

पुलिस ने बिहार के कटिहार जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य फरार हैं। घटना 13 फरवरी 2026 की है। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम धरदेई में किसान पामगढ़ एसबीआई से 2.5 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने पीछा कर साइकिल के पास रखी रकम लूट ली। मामले में अपराध क्रमांक 61/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसपी विजय पांडे और एडिशनल एसपी उमेश कश्यप के निर्देशन में साइबर थाना टीम ने 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच से पता चला कि आरोपी बिहार के हैं और वारदात के बाद बिलासपुर में ठहरे थे। पुराना बस स्टैंड के पास एक लॉज में ठहरने की पुष्टि हुई। जिला अस्पताल पार्किंग में संदिग्ध वाहन मिलने के बाद पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ में उन्होंने लूट की वारदात कबूल कर ली।

ऐसे बनाते थे निशाना-

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बैंक से पैसे निकालने आए बुजुर्गों और महिलाओं की रेकी करते थे। घर तक पीछा कर सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम देते थे। लोगों को भ्रमित करने के लिए केंवाच पाउडर का भी इस्तेमाल करते थे। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने अंबिकापुर, रायगढ़, सारंगढ़ और कोरबा समेत कई जिलों में वारदात की थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक यादव (36) और अविनाश उर्फ सनी कुमार यादव (28) निवासी नया टोला जोराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार) के रूप में हुई है। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire