Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : पुजारी की हत्या करने वाले 5 आरोपी चंद घंटो में गिरफ्तार

पुलिस ने एक नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें मुख्य आरोपी सुरेश धुरी है।

CG Crime : पुजारी की हत्या करने वाले 5 आरोपी चंद घंटो में गिरफ्तार
X

CG Crime : बिलासपुर। जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में पाठ बाबा मंदिर के पुजारी जागेश्वर पाठक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर ही सनसनीखेज खुलासा किया है। हत्या के पीछे अवैध संबंध को मुख्य वजह बताया गया है। पुलिस ने एक नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें मुख्य आरोपी सुरेश धुरी है।

पुलिस के अनुसार रविवार सुबह तखतपुर के सूरीघाट स्थित पाठ बाबा मंदिर परिसर में पुजारी जागेश्वर पाठक की लाश खून से लथपथ पाई गई। उनके सिर पर धारदार हथियार से गहरे घाव के निशान थे। सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड, और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। एसएसपी राजनेश सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा कर जांच को तेज करने के निर्देश दिए। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी सुरेश धुरी की पत्नी के साथ पुजारी का अवैध संबंध था।

सुरेश और उसकी पत्नी का 6 महीने पहले सामाजिक तलाक हो चुका था, जिसका कारण मृतक पुजारी के साथ उसकी पत्नी का संबंध था। मंदिर के सामने खेत में अधिया खेती के दौरान यह अवैध संबंध शुरू हुआ था, जिसके चलते सुरेश धुरी को पुजारी से गहरी दुश्मनी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि सुरेश धुरी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर शनिवार रात पुजारी को मोटरसाइकिल की पूजा के बहाने मंदिर के बाहर बुलाया।

मौका पाकर आरोपियों ने ईंट और सस्पेंशन पाइप से पुजारी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। एएसपी ग्रामीण अर्चना झा, एसडीओपी कोटा, तखतपुर थाना पुलिस, और ACCU टीम की तत्परता से 12 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश धुरी सहित एक नाबालिग और अन्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ हत्या और साजिश के तहत मामला दर्ज किया गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire