Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Corona Update: छत्तीसगढ़ में एक सप्ताह में कोरोना से दूसरी मौत, राजनांदगांव के रहने वाले दोनों मरीज

छत्तीसगढ़ में कोविड से 6 दिन में ये दूसरी मौत है। दोनों ही लोग राजनांदगांव जिले के रहने वाले थे।

CG Corona Update: छत्तीसगढ़ में एक सप्ताह में कोरोना से दूसरी मौत, राजनांदगांव के रहने वाले दोनों मरीज
X

CG Corona Update: रायपुर/राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में कोराना 11 जिलों में फैल चुका है। पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव में एक मरीज की कोरोना से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जिले के लखोनी निवासी 55 साल के व्यक्ति की शनिवार देर रात इलाज के दौरान मौत गई। उन्हें पहले से हृदय रोग, सांस की तकलीफ और ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियां थीं। रविवार को कोविड प्रोटोकॉल के तहत मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। छत्तीसगढ़ में कोविड से 6 दिन में ये दूसरी मौत है। दोनों ही लोग राजनांदगांव जिले के रहने वाले थे।

मरीज का इलाज शासकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध सह अस्पताल पेंड्री के आईसीयू में चल रहा था। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अतुल देशकर ने बताया कि, मरीज की शनिवार देर रात मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 20 जून को मजदूरी का काम करने वाले मरीज की कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे तुरंत कोविड वार्ड में भर्ती किया गया था। मरीज के परिजनों को होम आइसोलेशन में रखा गया। उनके संपर्क में आए लोगों की जांच शुरू की गई।

16 जून को हुई थी पहली मौत

बता दें कि, इससे पहले 16 जून को राजनांदगांव के ही 86 साल के बुजुर्ग की कोरोना के नए वैरिएंट JN.1 से मौत हो गई थी। पिछले कई समय से वो मेडिकल प्रॉब्लम फेस कर रहा था। रूटीन डायलिसिस के लिए रायपुर के एक निजी हॉस्पिटल में आया हुआ था। डॉक्टरों को कोविड के सिम्टम्स दिखे तो जांच हुई। जांच रिपोर्ट में पेशेंट कोविड पॉजिटिव आया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

11 जिलों में फैला कोरोना, सबसे ज्यादा मरीज रायपुर में

प्रदेश में अब तक कुल 172 मरीज मिल चुके हैं, जो 11 जिलों में फैल चुका है। सबसे ज्यादा 82 मरीज रायपुर से मिले हैं। वहीं 38 मरीज बिलासपुर से मिले हैं। बाकी 47 मरीज अन्य 9 जिलों से मिले हैं। यानी कोविड के 75 प्रतिशत से अधिक केस रायपुर-बिलासपुर इन 2 जिलों से हैं। प्रदेश में कोविड के 62 केस ही एक्टिव हैं। 103 रिकवर हो गए हैं। इनमें 50 होम आइसोलेशन में और 12 अस्पताल में भर्ती हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire