Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Board Result : 10वीं-12वीं के रिजल्ट की तैयारी तेज, अप्रैल के अंत तक जारी होने की संभावना

इस वर्ष बोर्ड परीक्षा का परिणाम अप्रैल के अंत तक घोषित किया जा सकता है।

CG Board Result : 10वीं-12वीं के रिजल्ट की तैयारी तेज, अप्रैल के अंत तक जारी होने की संभावना
X

CG Board Result : रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है और अब परिणाम जारी करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। संभावना जताई जा रही है कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षा का परिणाम अप्रैल के अंत तक घोषित किया जा सकता है।

इस बार 10वीं बोर्ड परीक्षा में लगभग 3.21 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे, जबकि 12वीं की परीक्षा में करीब 2.45 लाख छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। हालांकि 12वीं के हिंदी प्रश्नपत्र लीक होने की घटना के चलते परीक्षा प्रक्रिया थोड़ी प्रभावित हुई थी और दोबारा परीक्षा भी आयोजित करनी पड़ी थी।

मूल्यांकन कार्य को तेजी से पूरा कर लिया गया है और रायपुर में जांच प्रक्रिया भी कुछ ही दिनों में संपन्न कर ली गई। अधिकारियों के अनुसार, परिणाम तैयार करने का कार्य अब अंतिम चरण में है ताकि तय समय सीमा के भीतर रिजल्ट जारी किया जा सके।

जानकारों के मुताबिक, प्रदेश में पिछले सत्र से बोर्ड परीक्षाएं वर्ष में दो बार आयोजित की जा रही हैं, जिसके चलते पहले चरण का परिणाम समय पर जारी करना जरूरी है। दूसरी परीक्षा जून में प्रस्तावित है, ऐसे में छात्रों को आगे की तैयारी के लिए समय मिल सकेगा।

इसके साथ ही कक्षा 5वीं और 8वीं के परिणाम भी अप्रैल के अंत तक घोषित किए जाने की संभावना है। इन कक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अंकसूची तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire