Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Accident : तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दो की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है, और हादसे की जांच की जा रही है।

CG Accident : तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दो की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
X

CG Accident : कोरबा। जिले में कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर उरगा चौक के पास शुक्रवार देर शाम को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और शव उठाने से इनकार कर दिया। मृतकों की पहचान बरीडीह गांव निवासी पुरुषोत्तम पटेल 34 वर्ष और अयोध्या पटेल 36 वर्ष के रूप में हुई है, जो आपस में रिश्तेदार थे।

बता दें कि दोनों मृतक किसी काम से बाहर गए थे और अपने गांव लौट रहे थे, तभी उरगा चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उरगा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साए लोगों ने शवों को उठाने से रोक दिया और कोरबा-चांपा मार्ग को दोनों ओर से जाम कर दिया। इस चक्काजाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृतकों के परिवारों के लिए तात्कालिक मुआवजा राशि की मांग की है। उरगा पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि पुलिस प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है, और हादसे की जांच की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire