Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Accident : मासूम को कुचलने के बाद दो बैरिकेड तोड़ भागा ट्रक, बॉर्डर से पहले दबोचा गया चालक

पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

CG Accident : मासूम को कुचलने के बाद दो बैरिकेड तोड़ भागा ट्रक, बॉर्डर से पहले दबोचा गया चालक
X

CG Accident : मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद कई किलोमीटर तक पुलिस और ट्रक चालक के बीच पीछा करने का रोमांचक घटनाक्रम देखने को मिला। गुंडरदेही गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया और रास्ते में दो जगह पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए महाराष्ट्र सीमा की ओर भाग निकला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मोहला और मानपुर थाना क्षेत्र में ट्रक को रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए। लेकिन आरोपी चालक ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार में बैरिकेड्स तोड़ दिए। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। चालक लगातार ट्रक दौड़ाता रहा, जबकि पुलिस उसका पीछा करती रही।

लंबी पीछा कार्रवाई के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गया, जिसके बाद पुलिस ने कोरकोट्टी गांव के पास चालक को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय चालक नशे की हालत में था या नहीं।

उधर, मासूम की मौत से गुंडरदेही गांव में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने घटना के विरोध में सड़क पर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए चक्काजाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire