Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Accident: कवर्धा में भीषण हादसा: सरोधा के पास पलानी घाट में पिकअप वाहन पलटी, 2 की मौत, ढाई दर्ज़न से अधिक घायल

कबीरधाम जिले के सरोधा क्षेत्र के पास पलानी घाट में शनिवार को एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई

CG Accident: कवर्धा में भीषण हादसा: सरोधा के पास पलानी घाट में पिकअप वाहन पलटी, 2 की मौत,  ढाई दर्ज़न से अधिक घायल
X

CG Accident कवर्धा: कबीरधाम जिले के सरोधा क्षेत्र के पास पलानी घाट में शनिवार को एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई। चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई।

इस हादसे में वाहन चालक श्रवण साहू की 14 वर्षीय बेटी उर्वशी साहू और एक अन्य महिला मुखिन बाई की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों के अनुसार, विकासखंड लोहारा के सिंघनपुरी जंगल से साहू परिवार की बेटी की शादी के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दो पिकअप वाहनों में करीब 100 लोग सवार होकर जा रहे थे। एक वाहन में पुरुष और दूसरे में महिलाएं थीं।

सरोधा के पास पलानी घाट में महिलाओं को ले जा रही पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर 10 फीट नीचे खेत में जा गिरी। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वाहन में सवार अधिकांश लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन तेज गति से जा रहा था, जब अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने घायलों को बचाने में मदद की और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही कवर्धा से एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल कवर्धा ले जाया गया, जहां अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जिला प्रशासन को तत्काल राहत कार्यों में जुटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, "यह हादसा बेहद दुखद है। सभी घायलों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराया जा रहा है। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि किसी भी घायल को किसी प्रकार की असुविधा न हो।"


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire