CG Accident : पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

CG Accident : सक्ती। जिले के असौंदा गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में सनसनी मचा दी। एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से 28 वर्षीय रामाधार केंवट की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसके खिलाफ गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सक्ती-कोरबा मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दी।
जानकारी के अनुसार, हादसा शाम करीब 7 बजे हुआ, जब रामाधार केंवट अपनी मोटरसाइकिल से गांव की दुकान पर सामान खरीदने निकला था। कोरबा से सक्ती की ओर जा रही एक पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने पिकअप वाहन का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन चालक भाग निकला। हादसे की खबर फैलते ही असौंदा गांव के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए।
गुस्साए ग्रामीणों ने रामाधार के शव को सक्ती-कोरबा मार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि जब तक फरार पिकअप वाहन और चालक को पकड़ा नहीं जाता, वे सड़क जाम जारी रखेंगे। इस प्रदर्शन के कारण मार्ग पर लंबा जाम लग गया, और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही सक्ती पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।


