Top
Begin typing your search above and press enter to search.

दो वाहनों में टक्कर होने के बाद कार में लगी आग, चालक जिंदा जला, सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल भी झुलसे...

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने दिल दहला दिया।

दो वाहनों में टक्कर होने के बाद कार में लगी आग, चालक जिंदा जला, सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल भी झुलसे...
X

UP Accident : बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने दिल दहला दिया। बीती रात कादर चौक थाना क्षेत्र के ककोड़ा गांव के पास एक पिकअप वाहन और इको कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद कार सड़क किनारे खाई में गिर गई और उसमें भीषण आग लग गई। इस हादसे में कार चालक जिंदा जल गया, जबकि चार अन्य यात्री बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और कार में फंसे चार यात्रियों को किसी तरह बाहर निकाल लिया।

UP Accident : लेकिन जब सब-इंस्पेक्टर अवधेश कुमार सिंह और कांस्टेबल सहदेव कुमार ने जलती हुई कार से चालक को निकालने की कोशिश की, तभी कार का सीएनजी सिलेंडर अचानक फट गया। इस विस्फोट में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक पूरी कार जलकर राख में तब्दील हो चुकी थी। पुलिस ने जल चुकी गाड़ी से सीट और स्टीयरिंग व्हील के बीच फंसे चालक का जला हुआ शव निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

UP Accident : थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हादसे में घायल हुए चारों यात्रियों, सब-इंस्पेक्टर अवधेश कुमार सिंह और कांस्टेबल सहदेव कुमार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire