Bihar Legislative Assembly Monsoon Session: बिहार विधानसभा मानसून सत्र शुरू, 87 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश, कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
Bihar Legislative Assembly Monsoon Session

Bihar Legislative Assembly Monsoon Session: पटना: बिहार विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। पहले दिन सदन में नवनिर्वाचित सदस्यों का मनोनयन, विभिन्न समितियों का गठन, अध्यादेशों को सदन के पटल पर रखना, शोक प्रस्ताव और अन्य जरूरी कार्य पूरे किए गए। इस दौरान वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला 87 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट भी पेश किया।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने लिया आशीर्वाद
सत्र शुरू होने से पहले स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा और विधान परिषद में मंत्री के रूप में उनका यह पहला दिन है। प्रेम कुमार को अनुभवी नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में काम करना उनके लिए सम्मान और सीखने का अवसर है। संयोग से सोमवार को निशांत कुमार का जन्मदिन भी था, इसलिए विधान परिषद में उनका विशेष स्वागत किया गया।
विपक्ष और सत्ता पक्ष में नोकझोंक
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले महागठबंधन के विधायकों ने नीट पेपर लीक और बढ़ते अपराध के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। विपक्ष ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। वहीं एनडीए विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विदेश दौरे को लेकर सवाल उठाए। दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक नारेबाजी हुई, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद माहौल शांत हो गया।
मंगलवार तक स्थगित हुई कार्यवाही
पहले दिन की सभी औपचारिकताएं पूरी होने और शोक प्रस्ताव पारित होने के बाद विधानसभा की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।


