Top
Begin typing your search above and press enter to search.

महाकुंभ में बम की घमकी, आधी रात तक चला सर्च ऑपरेशन...

महाकुंभ में बम की घमकी, आधी रात तक चला सर्च ऑपरेशन...
X

प्रयागराज: महाकुंभ 2025 के छठे दिन बड़ी खबर सामने आई है। महाकुंभ के सेक्टर-18 में बम होने की धमकी मिली है। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और पूरे इलाके की गहन तलाशी ली। बम डिस्पोजल स्क्वाड, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा बलों ने मिलकर पूरे क्षेत्र की जांच की, लेकिन कहीं भी विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और यह सूचना झूठी साबित हुई। यह घटना 17 जनवरी को दोपहर के समय हुई, जब सफाईकर्मी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। कॉलर ने बताया कि सेक्टर-18 में बम रखा गया है और थोड़ी देर बाद धमकी दी कि वह मेला क्षेत्र को बम से उड़ा देगा।

सफाईकर्मी ने तुरंत इस बात की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर सेक्टर-18 में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि जैसे ही मामले की जानकारी मिली, सुरक्षा बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात तक सर्च ऑपरेशन जारी रखा। उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले व्यक्ति का नंबर ट्रैस किया जा रहा है और वह जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।

साइबर पुलिस और साइबर एक्सपर्ट इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। महाकुंभ के छठे दिन तक लगभग 20 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया। कुल मिलाकर, अब तक 7.5 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु महाकुंभ के दौरान संगम स्नान कर चुके हैं। इस बीच, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी प्रयागराज पहुंचे और संगम में स्नान करेंगे। इसके बाद, वह सेना के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और महाकुंभ के आयोजन पर चर्चा करेंगे।

महाकुंभ के प्रमुख शाही स्नान की तारीखें-

13 जनवरी (पूस पूर्णिमा), 14 जनवरी (मकर संक्रांति), 29 जनवरी (मोनी अमावस्या), 3 फरवरी (बसंत पंचमी), 12 फरवरी (माघी पूर्णिमा) और 26 फरवरी (महाशिवरात्रि)। इस महाकुंभ में 45 दिनों के दौरान 45 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के अनुसार, इस बार 15 लाख से अधिक विदेशी श्रद्धालुओं के महाकुंभ में शामिल होने का अनुमान है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire