Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Bird Flu : बर्ड फ्लू की पुष्टि, पूरे राज्य में अलर्ट, 10 किमी दायरे में पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री पर रोक...

फिलहाल, संक्रमण को रोकने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पशुपालन विभाग और प्रशासनिक अधिकारी लगातार काम कर रहे हैं।

Bird Flu : बर्ड फ्लू की पुष्टि, पूरे राज्य में अलर्ट, 10 किमी दायरे में पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री पर रोक...
X

Bird Flu : बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) की पुष्टि होने के बाद राज्य सरकार ने पूरे झारखंड में अलर्ट जारी कर दिया है। जिला प्रशासन ने संक्रमित क्षेत्र के 10 किलोमीटर के दायरे में मुर्गियों और सभी प्रकार के पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।

Bird Flu : घटना की जानकारी देते हुए बताया गया कि बोकारो स्थित राजकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में 20 फरवरी से मुर्गियों की असामान्य मौत हो रही थी। इनके नमूने जांच के लिए भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भेजे गए थे। शनिवार को मिली जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके बाद पशुपालन विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। संक्रमित क्षेत्र में मुर्गियों को मारने और उन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही, फार्म में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों और प्लेटफॉर्म को जला दिया गया है।

Bird Flu : जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. मनोज मणि ने बताया कि संक्रमण को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में रैपिड रिस्पांस टीम और क्विक रिस्पांस टीम गठित की गई है, जो लगातार निगरानी कर रही है। केंद्र सरकार ने भी राज्य सरकार को स्थिति पर कड़ी नजर रखने और सभी एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिए हैं। पशुपालन विभाग ने सभी जिलों के अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है और अन्य राज्यों से आने वाले पोल्ट्री उत्पादों तथा प्रवासी पक्षियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

Bird Flu : इससे पहले, एक महीने पहले रांची के बिरसा कृषि विश्वविद्यालय कैंपस स्थित वेटनरी कॉलेज के पोल्ट्री फार्म में भी बर्ड फ्लू के मामले सामने आए थे, जहां चाइनीज नस्ल की गिनी पाउल पक्षियों की मौत हुई थी। इस घटना ने पशुपालन व्यवसाय से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। फिलहाल, संक्रमण को रोकने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पशुपालन विभाग और प्रशासनिक अधिकारी लगातार काम कर रहे हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire