Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Bihar News : मिड-डे मील बना जहर, दाल-चावल खाते ही 250 से ज्यादा बच्चे हुए बीमार

Dev Verma
Bihar News : मिड-डे मील बना जहर, दाल-चावल खाते ही 250 से ज्यादा बच्चे हुए बीमार
X

Bihar News : सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में सरकारी स्कूल की मिड-डे मील व्यवस्था एक बार फिर लापरवाही की भेंट चढ़ गई। महिषी प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा में गुरुवार को बच्चों को परोसे गए दाल-चावल में मरा हुआ सांप मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद 250 से ज्यादा बच्चे बीमार पड़ गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Bihar News : चीख-पुकार से भर गया स्कूल परिसर

भोजन करने के कुछ देर बाद बच्चों में पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत शुरू हुई। जब बर्तनों की जांच की गई तो उसमें एक छोटा मरा हुआ सांप बरामद हुआ। देखते ही देखते स्कूल परिसर चीख-पुकार से भर गया। स्थानीय लोगों की मदद से बीमार बच्चों को महिषी स्वास्थ्य केंद्र और सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

Bihar News : अस्पतालों में मची अफरा-तफरी

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं। गंभीर हालत वाले 100 से ज्यादा बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। सिविल सर्जन डॉ. राजनारायण प्रसाद ने अस्पतालों में अतिरिक्त डॉक्टरों और बेड की व्यवस्था कराई। डॉक्टरों ने इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया और समय पर इलाज के कारण अधिकांश बच्चों की हालत स्थिर बताई।

Bihar News : NGO पर लापरवाही का आरोप

घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन स्कूल और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मिड-डे मील उपलब्ध कराने वाली संस्था पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि खाने की गुणवत्ता की कभी जांच नहीं की जाती, जिसकी वजह से बच्चों की जान खतरे में पड़ गई।

Bihar News : प्रशासन ने शुरू की उच्च स्तरीय जांच

सहरसा जिला प्रशासन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। जिलाधिकारी दीपेश कुमार और एसपी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मिड-डे मील के सैंपल जब्त कर जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं।

Bihar News : मिड-डे मील व्यवस्था पर उठे सवाल

यह घटना बिहार में मिड-डे मील की व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़ा कर रही है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि भोजन की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी रखी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पूरा महिषी इलाका इस घटना के सदमे में है और जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire