Bengaluru Stampede: भगदड़ मामले में बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर समेत कई अफसर सस्पेंड
Bengaluru Stampede: बेंगलुरु: बेंगलुरु में IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत और कई के घायल होने के बाद कर्नाटक सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस घटना में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की है। कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर, स्टेशन हाउस ऑफिसर, एसीपी, सेंट्रल डिवीजन डीसीपी, स्टेडियम प्रभारी, एडिशनल पुलिस कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सिद्धारमैया ने कहा, "प्रथम दृष्टया अधिकारियों की लापरवाही और गैर-जिम्मेदारी सामने आई है, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।" इसके साथ ही, वरिष्ठ IPS अधिकारी सीमांत कुमार सिंह को बेंगलुरु का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, सिंह को तत्काल प्रभाव से बेंगलुरु सिटी पुलिस आयुक्त के रूप में तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री ने RCB, डीएनए इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच के लिए हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज माइकल कुन्हा की अध्यक्षता में एकल सदस्यीय आयोग गठित किया गया है, जो 30 दिनों में अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। साथ ही, मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई है।
सिद्धारमैया ने कहा, "मेरे कार्यकाल में ऐसी घटना पहले कभी नहीं हुई। यह हादसा बेहद दुखद और झकझोर देने वाला है।" मजिस्ट्रेट जांच भी शुरू हो चुकी है।

