Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Bear Attack : भालू के हमले से दो ग्रामीणों की मौत, पांच घायल, ग्रामीणों ने आत्मरक्षा में भालू को मार गिराया

इस हमले में पांच अन्य ग्रामीण मनीष, संतोष, तेजस्वी और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

Bear Attack : भालू के हमले से दो ग्रामीणों की मौत, पांच घायल, ग्रामीणों ने आत्मरक्षा में भालू को मार गिराया
X

Bear Attack : सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में संजय टाइगर रिज़र्व की बस्तुआ रेंज में सोमवार सुबह एक जंगली भालू के हमले ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। सुबह करीब 5 बजे जंगल में भैंस चरा रहे ग्रामीणों पर भालू ने अचानक हमला किया, जिसमें दो ग्रामीणों, बब्बू यादव और दीनबन्धु साहू की मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में पांच अन्य ग्रामीण मनीष, संतोष, तेजस्वी और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीण रोज़ाना की तरह अपनी भैंसों को चराने जंगल गए थे, तब भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में एक भैंस भी गंभीर रूप से घायल हुई। भयावह स्थिति में अपनी जान बचाने के लिए ग्रामीणों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों से भालू का मुकाबला किया और अंततः उसे मार गिराया।

घटना के बाद बस्तुआ गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। मड़वास थाना प्रभारी भूपेश बैस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भालू के हमले में दो लोगों की मौत हुई और पांच घायल हैं। भालू को भी ग्रामीणों ने मार डाला। मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू की है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल में अकेले न जाएं और पूरी सतर्कता बरतें, क्योंकि यह क्षेत्र वन्यजीवों की सक्रियता के लिए जाना जाता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire