Top
Begin typing your search above and press enter to search.

पत्नी की दूसरी शादी से नाराज पति ने रची हत्या की साजिश, इंस्टाग्राम लाइव के जरिए हुआ खुलासा; तीन आरोपी गिरफ्तार

पत्नी की दूसरी शादी से नाराज पति ने रची हत्या की साजिश, इंस्टाग्राम लाइव के जरिए हुआ खुलासा; तीन आरोपी गिरफ्तार
X
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी की दूसरी शादी से नाराज होकर उसके नए पति की हत्या की साजिश रची। साजिश को इंस्टाग्राम लाइव के जरिए अंजाम देने की योजना बनाई गई। पुलिस ने इस वीडियो के आधार पर मुख्य आरोपी संदीप शर्मा समेत दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

इंस्टाग्राम लाइव में रची हत्या की साजिश
मामला तब प्रकाश में आया जब दुर्ग के एसपी जितेंद्र शुक्ला के पास एक वीडियो पहुंचा, जिसमें तीन युवक 18 नंबर रोड कैंप-1 के निवासी एक व्यक्ति की हत्या की साजिश रचते नजर आए। वीडियो देखने के बाद एसपी शुक्ला ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल छावनी थाना प्रभारी चेतन सिंह चंद्राकर को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने जांच करते हुए मुख्य आरोपी संदीप शर्मा (25), मनीष दास मानिकपुरी (20) और बाबी सिंह (24) को गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी की दूसरी शादी से नाराज
पूछताछ में संदीप शर्मा ने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी ने उसे छोड़कर दूसरे युवक से शादी कर ली थी, जिससे वह आहत और नाराज था। इस घटना का बदला लेने के लिए उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और इंस्टाग्राम लाइव पर अपने प्लान की जानकारी दी। इस इंस्टाग्राम लाइव का वीडियो,पुलिस के हाथ लग गया और साजिश का पर्दाफाश हुआ।

मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की साजिश, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए पूरी तैयारी कर रखी थी। लेकिन पुलिस की समय रहते कार्रवाई ने उनकी साजिश को नाकाम कर दिया। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एक और आरोपी फरार, पुलिस कर रही है तलाश
इस मामले में शामिल एक और आरोपी की तलाश अभी भी जारी है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस का कहना है कि इस फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire