Amrit Bharat Station Scheme : पीएम मोदी ने 103 अमृत भारत स्टेशनों का किया उद्घाटन, छत्तीसगढ़ के 5 स्टेशनों को मिली नई सौगात...
इस योजना के तहत इन स्टेशनों को आधुनिक परिवहन केंद्रों में तब्दील किया गया है।

Amrit Bharat Station Scheme : रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरूवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए। छत्तीसगढ़ के पांच रेलवे स्टेशन डोंगरगढ़, भानुप्रतापपुर, भिलाई, उरकुरा, और अंबिकापुर इस अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर यात्रियों के लिए तैयार किए गए हैं। इस योजना के तहत इन स्टेशनों को आधुनिक परिवहन केंद्रों में तब्दील किया गया है।
अमृत भारत स्टेशन योजना (Amrit Bharat Station Scheme) के तहत छत्तीसगढ़ के 32 स्टेशनों को 1,680 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास के लिए चुना गया है। इनमें से डोंगरगढ़, भानुप्रतापपुर, भिलाई, उरकुरा, और अंबिकापुर स्टेशनों का पुनर्विकास पूरा हो चुका है। इन स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाओं जैसे समर्पित पार्किंग, दिव्यांगजन के लिए विशेष सुविधाएं, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, स्वच्छ शौचालय, लिफ्ट, एस्केलेटर और क्षेत्रीय संस्कृति को दर्शाने वाली सजावट शामिल की गई है। भिलाई स्टेशन, जो 1888 में स्थापित हुआ था, अब 136 साल बाद नए और आधुनिक स्वरूप में यात्रियों की सेवा के लिए तैयार है।
कांकेर स्टेशन के लिए 15 करोड़ की स्वीकृति-
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद मोहन मंडावी ने कांकेर रेलवे स्टेशन के लिए 15 करोड़ रुपये की स्वीकृति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “हमारे क्षेत्र में अब किसी चीज की कमी नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी विकास के लिए धन देने में कभी संकोच नहीं करते। उनके नेतृत्व में हमारा क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छू रहा है।”
छत्तीसगढ़ में रेलवे का भविष्य-
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Chief Minister Vishnu Dev Sai) ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ रेलवे के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा, “ये स्टेशन केवल रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास के केंद्र बनेंगे।” अंबिकापुर जैसे स्टेशन, जो पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के लिए महत्वपूर्ण हैं, अब आधुनिक सुविधाओं के साथ और अधिक सुलभ हो गए हैं।


