Nicolas Maduro: अमेरिका में निकोलस मादुरो की कोर्ट में सुनवाई आज, सैन्य कार्रवाई को देंगे चुनौती

Update: 2026-07-22 10:36 GMT

Nicolas Maduro: नई दिल्ली: वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो से जुड़े ड्रग्स तस्करी मामले में बुधवार को अमेरिका की अदालत में सुनवाई होगी। मादुरो अपने वकीलों के साथ कोर्ट में पेश होंगे। इस दौरान वह अमेरिका की सैन्य कार्रवाई और अपनी गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताते हुए अदालत में विरोध दर्ज कराएंगे।

ड्रग्स तस्करी के गंभीर आरोप

63 वर्षीय निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी 69 वर्षीय सीलिया फ्लोरेस इस समय न्यूयॉर्क की ब्रुकलिन जेल में बंद हैं। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि दोनों अमेरिका में कोकीन की तस्करी की साजिश का हिस्सा थे। अभियोजन पक्ष का कहना है कि मादुरो ने बड़े ड्रग्स गिरोहों की मदद की और वेनेजुएला की कानून व्यवस्था का इस्तेमाल कर अमेरिका तक बड़ी मात्रा में कोकीन पहुंचाने में सहयोग किया। यदि अदालत में आरोप साबित हो जाते हैं तो उन्हें उम्रकैद की सजा हो सकती है।

मादुरो ने खुद को बताया निर्दोष

मादुरो का कहना है कि उन्हें जनवरी में काराकास स्थित उनके घर से अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के जरिए जबरन हिरासत में लिया गया। वह अपनी गिरफ्तारी को अपहरण और खुद को युद्धबंदी बताते हैं। पिछली सुनवाई में उन्होंने स्पेनिश भाषा में कहा था कि वह निर्दोष हैं और वेनेजुएला के संवैधानिक राष्ट्रपति हैं।

कानूनी लड़ाई जारी

मादुरो के वकीलों का कहना है कि वे अदालत में इस सैन्य कार्रवाई की वैधता को चुनौती देंगे। फिलहाल मादुरो और उनकी पत्नी ने जमानत की मांग नहीं की है। वहीं, अदालत ने अभी तक मामले की सुनवाई पूरी करने के लिए अंतिम तारीख तय नहीं की है।

Tags:    

Similar News