Virat vs Head Fight: नई दिल्ली: हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शुक्रवार रात सिर्फ चौकों-छक्कों की बरसात नहीं हुई, बल्कि ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा भी देखने को मिला जिसने करोड़ों क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया। एक तरफ सनराइजर्स हैदराबाद ने रनों का पहाड़ खड़ा किया, दूसरी तरफ मैच खत्म होने के बाद विराट कोहली का एक कदम सोशल मीडिया पर तूफान बन गया।

दरअसल मैच खत्म हुआ। खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे। तभी कैमरा ट्रेविस हेड पर गया। हेड ने मुस्कुराते हुए हाथ आगे बढ़ाया, लेकिन विराट कोहली बिना उनकी तरफ देखे आगे निकल गए। कुछ सेकेंड का यह वीडियो अब इंटरनेट पर आग की तरह वायरल हो रहा है। फैंस के मन में बस एक ही सवाल उठ रहा है, आखिर विराट इतने नाराज़ क्यों थे?


मैच में क्या हुआ था?

बता दें, कहानी की शुरुआत पहली पारी से ही हो गई थी। सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज आरसीबी के गेंदबाजों पर टूट पड़े। अभिषेक शर्मा ने आते ही ताबड़तोड़ शॉट्स लगाए, जबकि ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने रनगति को रॉकेट की तरह भगाया।

इसी बीच जब ट्रेविस हेड आउट हुए तो विराट कोहली ने बेहद आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया। जो हेड को यह पसंद नहीं आया और दोनों खिलाड़ियों के बीच आंखों-आंखों में तनाव साफ दिखाई दिया। लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। आरसीबी की बल्लेबाजी के दौरान जब बड़े शॉट लग रहे थे, तब विराट बार-बार हेड की तरफ देखकर कुछ कहते नजर आए। कैमरे में कई बार दोनों खिलाड़ियों के बीच इशारों में जवाबी तंज भी कैद हुए। एक समय तो विराट हेड को अपने सामने गेंदबाजी करने की चुनौती देते हुए भी दिखे।



फिर आया सबसे बड़ा मोमेंट…

मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी एक-दूसरे का अभिवादन कर रहे थे। विराट ने पैट कमिंस, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन समेत लगभग सभी खिलाड़ियों से हाथ मिलाया। *लेकिन जैसे ही ट्रेविस हेड सामने आए, विराट बिना रुके आगे बढ़ गए। हेड कुछ पल के लिए हैरान रह गए क्योंकि उन्होंने हाथ भी आगे बढ़ाया था। यहीं से सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कुछ फैंस विराट के एग्रेसिव अंदाज को “पैशन” बता रहे हैं, तो कुछ इसे खेल भावना के खिलाफ मान रहे हैं।

आखिर विराट-हेड विवाद की पूरी वजह क्या थी?

असल वजह थी मैदान पर बढ़ता हुआ तनाव, आक्रामक सेलिब्रेशन और लगातार हो रही जुबानी जंग। हेड के आउट होने पर विराट का तीखा जश्न, फिर बल्लेबाजी के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच तंज और इशारों में जवाब इन सबने माहौल गरमा दिया। और शायद इसी गुस्से का असर मैच खत्म होने के बाद भी दिखा, जब विराट ने ट्रेविस हेड से हाथ तक नहीं मिलाया।

मैच में किसका चला बल्ला?

सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255 रन ठोक दिए। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 22 गेंदों में 56 रन बनाए। ईशान किशन ने 46 गेंदों पर 79 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि हेनरिक क्लासेन ने 24 गेंदों में 51 रन जड़ दिए। 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम 200 रन ही बना सकी। रजत पाटीदार ने 56 रन बनाए, वेंकटेश अय्यर ने 44 रन की तेज पारी खेली और क्रुणाल पांड्या 41 रन बनाकर नाबाद लौटे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

Tags: