UK: 'भुली' योजना को महिलाओं का जबरदस्त समर्थन, 1000 से ज्यादा आवेदन; बिना ब्याज मिलेगा लोन
UK: देहरादून। उत्तराखंड सरकार की महिला सशक्तिकरण पहल 'भुली' योजना को ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। ग्राम्य विकास विभाग के अनुसार, योजना का लाभ लेने के लिए अब तक 1,000 से अधिक महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों ने आवेदन किया है। चयनित लाभार्थियों को अपना व्यवसाय बढ़ाने के लिए 1.66 लाख रुपये से 7.50 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त सॉफ्ट लोन उपलब्ध कराया जाएगा।
150 महिला समूहों का होगा चयन
योजना के तहत महिला उद्यमियों और महिला नेतृत्व वाले 150 स्वयं सहायता समूहों का चयन किया जाएगा। चयनित समूहों को वित्तीय सहायता के साथ-साथ तकनीकी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी मिलेगा, ताकि वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें और आय बढ़ा सकें।
रोजगार सृजन पर भी रहेगा जोर
योजना का लाभ पाने वाले समूहों को अपने कारोबार में करीब 15 प्रतिशत वृद्धि सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार तीन से चार स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराना होगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
पिथौरागढ़ से सबसे अधिक आवेदन
भुली योजना के लिए सबसे अधिक 168 आवेदन पिथौरागढ़ से प्राप्त हुए हैं। इसके बाद उत्तरकाशी (161), चमोली (124), चंपावत (92), पौड़ी गढ़वाल (71), नैनीताल (69), टिहरी गढ़वाल (66) और अन्य जिलों से आवेदन आए हैं।
ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा, "महिलाओं का उत्साह देखकर उम्मीद है कि यह योजना सफल रहेगी। इसके माध्यम से महिलाओं का आर्थिक-सामाजिक उन्नयन होगा। इसी तरह की कई अन्य योजनाओं के जरिए सरकार उत्तराखंड के ग्रामीण इलाकों की आर्थिक तरक्की सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।"