UPPSC: पीसीएस मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी, 2297 अभ्यर्थी देंगे इंटरव्यू
अब इन अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होना होगा।
UPPSC: लखनऊ: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने PCS-2025 मुख्य परीक्षा का रिजल्ट गुरुवार को जारी कर दिया। मुख्य परीक्षा में शामिल 10,284 अभ्यर्थियों में से 2,297 को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया है। अब इन अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होना होगा।
29 मार्च से 1 अप्रैल तक हुई थी परीक्षा
PCS-2025 की मुख्य लिखित परीक्षा 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक प्रयागराज और लखनऊ के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा में कुल 10,284 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
814 पदों पर होनी है भर्ती
इस भर्ती के तहत 28 प्रकार के पदों पर कुल 814 रिक्तियां हैं। इनमें 2 पद ऐसे हैं, जिन पर चयन केवल मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। इन पदों का रिजल्ट अंतिम चयन परिणाम के साथ जारी किया जाएगा। बाकी 812 पदों पर मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर चयन होगा।
812 पदों के लिए 2297 अभ्यर्थी सफल
आयोग ने 812 पदों के मुकाबले 2,297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया है। इंटरव्यू की तारीख, अभ्यर्थियों की अधिमान्यता और अन्य जरूरी जानकारी के लिए अलग से विज्ञप्ति जारी की जाएगी।
कोर्ट के फैसले के अधीन रहेगा रिजल्ट
UPPSC ने स्पष्ट किया है कि PCS-2025 का परिणाम इलाहाबाद हाईकोर्ट में लंबित रिट याचिका के अंतिम फैसले के अधीन रहेगा। वहीं, उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम भी राज्य सरकार की विशेष अपील पर हाईकोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।
अंतिम रिजल्ट के बाद मिलेंगे अंक
आयोग के अनुसार अभ्यर्थियों के प्राप्तांक, कटऑफ अंक और अन्य जानकारी अंतिम चयन परिणाम जारी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी। इन जानकारियों के लिए सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।