UPITS 2026 : रूस-वियतनाम की भागीदारी से ग्लोबल बिजनेस का बड़ा मंच बना यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो
UPITS 2026 में ‘रूस-भारत: व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग के नए अवसर’ विषय पर विशेष बिजनेस डायलॉग आयोजित किया गया।
नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के पहले दिन अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा देने वाले कई अहम सत्र आयोजित किए गए। ट्रेड शो में रूस और वियतनाम की भागीदारी ने इसे वैश्विक कारोबारी मंच का स्वरूप दिया। रूस-भारत बिजनेस डायलॉग के जरिए व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई, वहीं वियतनाम ने अपने पवेलियन के माध्यम से कारोबार, तकनीक, पर्यटन और संस्कृति का प्रदर्शन किया।
रूस-भारत बिजनेस डायलॉग में निवेश और सहयोग पर मंथन
UPITS 2026 में ‘रूस-भारत: व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग के नए अवसर’ विषय पर विशेष बिजनेस डायलॉग आयोजित किया गया। इस दौरान दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने औद्योगिक साझेदारी, निवेश के नए क्षेत्रों और तकनीकी सहयोग को बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की।
रूस की ओर से भारत स्थित रूसी व्यापार प्रतिनिधित्व के ट्रेड कमिश्नर आंद्रेई सोबोलेव और डिप्टी ट्रेड कमिश्नर डॉ. येवगेनी ग्रिवा समेत कई वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में दोनों देशों के उद्योगों के बीच सीधा संपर्क बढ़ाने और नए कारोबारी अवसर तलाशने पर जोर दिया गया।
औद्योगिक और मेडिकल टेक्नोलॉजी में सहयोग की संभावना
रूस के पवेलियन में औद्योगिक तकनीक, गैस सेक्टर, प्रयोगशाला एवं डायग्नोस्टिक समाधान, मेडिकल ऑक्सीजन सिस्टम और बिजनेस सर्विसेज से जुड़े उत्पादों को प्रदर्शित किया गया।
इस भागीदारी से उत्तर प्रदेश के विनिर्माण, स्वास्थ्य और तकनीकी क्षेत्र के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ जुड़ने का अवसर मिला। दोनों देशों के बीच उत्पाद, तकनीक और सेवाओं के आदान-प्रदान को लेकर संभावनाओं पर चर्चा हुई।
वियतनाम ने कारोबार के साथ दिखाई सांस्कृतिक विविधता
UPITS 2026 में वियतनाम का पवेलियन भी आकर्षण का केंद्र रहा। वियतनाम ने अपने स्टॉल को सिर्फ उत्पाद प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि व्यापार, निवेश, पर्यटन, संस्कृति और खानपान का अनुभव भी प्रस्तुत किया।
वियतनाम के पवेलियन में विमानन, पर्यटन, स्वास्थ्य, कृषि, हस्तशिल्प, फार्मास्यूटिकल्स, वस्त्र एवं परिधान, इलेक्ट्रिक वाहन और रिसाइकल्ड फाइबर जैसे क्षेत्रों को प्रदर्शित किया गया।
‘इनोवेशन टेक्नोलॉजीज एंड टूरिज्म’ पर हुआ विशेष कार्यक्रम
वियतनाम की ओर से ‘वियतनाम: इनोवेशन टेक्नोलॉजीज एंड टूरिज्म’ विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें तकनीकी नवाचार और पर्यटन क्षेत्र में मौजूद अवसरों को कारोबारी संभावनाओं से जोड़कर पेश किया गया।
कार्यक्रम में भारत और वियतनाम के बीच पर्यटन, विमानन, स्वास्थ्य, कृषि, विनिर्माण और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसमें वियतनाम के राजदूत त्रिन्ह मिन्ह मान्ह समेत कई कंपनियों और संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बढ़ाई रौनक
वियतनाम की भागीदारी में फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी खास आकर्षण रहे। वियतनामी व्यंजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए वहां की परंपरा और विरासत को दर्शाया गया। इस पहल ने ट्रेड शो को केवल व्यापारिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संवाद को भी मजबूत किया।
एमएसएमई और उद्यमियों के लिए नए अवसरों का मंच
रूस और वियतनाम की भागीदारी ने UPITS 2026 को अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश, तकनीक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के बड़े मंच के रूप में स्थापित किया है।
ट्रेड शो में बी2बी बैठकें, बिजनेस डायलॉग, राउंडटेबल चर्चा और देश विशेष सत्रों के जरिए उत्तर प्रदेश के एमएसएमई, निर्यातकों, स्टार्टअप और उद्योगों को वैश्विक बाजारों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।