UP : पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की किताब का विमोचन : CM योगी की युवाओं को नसीहत, बोले- रील के लाइक्स नहीं रियल लाइफ सुधारें
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा के हिंदी संस्करण के विमोचन कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि युवाओं को सोशल मीडिया पर रील बनाकर लाइक्स जुटाने के बजाय अपनी रियल लाइफ बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को सोशल मीडिया की दुनिया से आगे बढ़कर वास्तविक जीवन में अपनी पहचान बनाने का संदेश दिया। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा के हिंदी संस्करण के विमोचन कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि युवाओं को सोशल मीडिया पर रील बनाकर लाइक्स जुटाने के बजाय अपनी रियल लाइफ बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अच्छी किताबें व्यक्ति के जीवन को सही दिशा देने में अहम भूमिका निभाती हैं।
रामनाथ कोविंद की आत्मकथा का हिंदी संस्करण जारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मौजूदगी में उनकी आत्मकथा ‘भारतीय गणतंत्र की विजयगाथा: मेरा जीवन, मेरा संघर्ष’ का विमोचन किया। इस पुस्तक का अंग्रेजी संस्करण Triumph of the Indian Republic: My Life, My Struggles पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी किया जा चुका है। कार्यक्रम में सीएम योगी ने रामनाथ कोविंद को इस आत्मकथा के हिंदी संस्करण के प्रकाशन पर बधाई दी और उनका अभिनंदन किया।
संघर्ष से पीछे न हटें, परिस्थितियों का करें मुकाबला
अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामनाथ कोविंद की जन्मभूमि उत्तर प्रदेश है और यह उनकी कर्मसाधना की भूमि भी रही है। उन्होंने कहा कि जीवन में बड़ा वही बनता है, जिसमें संघर्ष करने का जज्बा और कठिन परिस्थितियों से जूझने की क्षमता होती है। परिस्थितियां अनुकूल हों तो लोककल्याण और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए, जबकि विपरीत हालात में संघर्ष से पीछे हटने के बजाय उनका डटकर सामना करना चाहिए।
गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी से पढ़ाई को बढ़ावा
सीएम योगी ने प्रदेश में शिक्षा और अध्ययन की सुविधाओं का जिक्र करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही है। प्रदेश में बनाए गए 57,600 ग्राम सचिवालयों में लाइब्रेरी के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था की गई है। इन सुविधाओं के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को पढ़ाई और ज्ञान हासिल करने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
अच्छी किताबें बनती हैं जीवन की मार्गदर्शक
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अच्छी पुस्तकें व्यक्ति के जीवन की महत्वपूर्ण मार्गदर्शक होती हैं। किताबें न केवल ज्ञान बढ़ाती हैं, बल्कि सोच और जीवन को दिशा देने में भी मदद करती हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने कौशल, ज्ञान और व्यक्तित्व को बेहतर बनाने के लिए प्रयास करें। उनके मुताबिक, वास्तविक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश ही जीवन को अधिक उपयोगी, सार्थक और सफल बना सकती है।