UP News : फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के उरमुरा किरार गांव स्थित टायर से तेल निकालने वाली फैक्ट्री में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

फैक्ट्री परिसर में बड़ी संख्या में पुराने टायर और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी थी। आग लगते ही टायरों ने तेजी से आग पकड़ ली और कुछ ही देर में पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया। घने काले धुएं के कारण आसपास का आसमान कुछ समय के लिए अंधेरा नजर आने लगा।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए जिले के अलग-अलग स्थानों से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। फायरकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं।

आग को फैक्ट्री के दूसरे हिस्सों और आसपास के इलाके में फैलने से रोकने के लिए तीन जेसीबी मशीनों की मदद से परिसर में रखे पुराने टायरों को हटाया जा रहा है। आग इतनी भीषण है कि इसे नियंत्रित करने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी शिकोहाबाद राजेश कुमार शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

फैक्ट्री से उठती आग की लपटों और कई किलोमीटर तक दिखाई दे रहे धुएं को देखकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके के आसपास जमा हो गए। पुलिस लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित दूरी पर रखने का प्रयास कर रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान और आग लगने की वास्तविक वजह का आकलन हो सकेगा।

Tags: