UP: 50 हजार का इनामी बदमाश मोनू पुलिस एनकाउंटर में ढेर, नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या मामले में था वांटेड
पुलिस और SWAT टीम को बदमाशों के इलाके में होने की सूचना मिली थी। टीम ने घेराबंदी की...
UP: बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में 50 हजार रुपए का इनामी बदमाश मोनू मारा गया। मोनू 1 अगस्त को ककोड़ के वैर रेलवे स्टेशन पर नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांटेड था। मुठभेड़ में SWAT टीम के एक दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
छपरावत के पास हुई मुठभेड़
मुठभेड़ गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव छपरावत के पास हुई। पुलिस और SWAT टीम को बदमाशों के इलाके में होने की सूचना मिली थी। टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मोनू को गोली लगी और वह मौके पर ही ढेर हो गया।
मुठभेड़ के दौरान गुलावठी और सिकंदराबाद थाना प्रभारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोलियां लगीं। जैकेट के कारण दोनों सुरक्षित रहे। मौके से एक पिस्टल, दो मैगजीन, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है।
अंधेरे का फायदा उठाकर साथी फरार
मुठभेड़ के दौरान मोनू का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में कॉम्बिंग अभियान चला रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक मोनू पर मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या का गंभीर आरोप था। वारदात के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के लिए उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने मुठभेड़ की जानकारी दी।